बिलासपुर। तारबाहर क्षेत्र स्थित प्रियदर्शिनी नगर कालोनी में रहने वाले युवक ने गुस्र्वार की रात पत्नी और बेटे को कमरे के बाहर सोने के लिए बोलकर अंदर फांसी लगा ली। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि गुस्र्वार की रात पत्नी ने शराब पीने से मना किया था। इसके बाद उसने पत्नी और बेटे को रूम से बाहर सोने के लिए बोलकर कमरे में चला गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कलाई पर भी काटने के निशान मिले हैं। पीएम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
तारबाहर क्षेत्र के प्रियदर्शिनी कालोनी में रहने वाले गोपाल राव गजवे(25) फ्लेक्स लगाने का काम करते थे। दीपावली के समय से रोज शराब पीकर घर आते थे। उसके पांच महीने के बेटे की तबीयत खराब थी। रात को वह काम से लौटे तो शराब के नशे में थे। उसकी पत्नी ने शराब पीने से मना किया। इस पर उसने पत्नी से विवाद करते हुए कमरे के बाहर सोने के लिए कहा। इसके बाद वह रूम को अंदर से बंद कर सोने के लिए चला गया। स्वजन शुक्रवार की सुबह उन्हें जगाने के लिए गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। स्वजन ने खिड़की से झांककर देखा तो कमरे के अंदर पंखे में गमछा लटक रहा था। अनहोनी की आशंका पर स्वजन दरवाजा तोड़कर अंदर गए। कमरे में गोपाल का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। स्वजन ने उन्हें नीचे उतारा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।